मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा

ट्रक और कंटनेर के बीच सैंडविच बनी कार, 4 की मौत 8 घायल; आपस में टकराई 6 गाड़ियां

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा

पुणे-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। 8 घायलों में से तीन की हालत गंभीर है। खंडाला घाट के खोपोली एग्जिट पर हुए इस हादसे में एक साथ 6 गाड़ियां आपस में टकराई हैं। ट्रक और कंटनेर के बीच एक कार सैंडविच बन गई और सबसे ज्यादा क्षतिग्रस्त हुई।

हाईवे पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना सुबह 6.40 बजे एक्सप्रेसवे पर पुणे से मुंबई की ओर जाने वाली लेन में हुई है। इस हादसे में दो ट्रक, एक कंटनेर, दो कार और एक टेम्पो आपस में टकराए हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और सभी गाड़ियों को किनारे कर एक घंटे तक बंद रहे रूट को चालू करवाया। इस दुर्घटना में गौरव खरात (36), सौरभ तुलसी (32), सिद्धार्थ राजगुरु (31) और एक अन्य की मौत हुई है।

ऐसे हुई यह भीषण दुर्घटना
हाईवे पर तेज रफ्तार से चल रहा कंटनेर टायर पंचर होने के बाद बीच सड़क में रुक गया। पीछे से आ रही स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर इससे टकरा गई। जिसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मारी और इसके बाद एक-एक करके कार, टेम्पो और ट्रक की टक्कर हुई। हालांकि सबसे ज्यादा छोटी गाड़ियां ही क्षतिग्रस्त हुईं हैं। घायल भी इन्हीं गाड़ियों में सवार थे। सभी घायलों को खोपोली नगर अस्पताल में एडमिट करवाया गया है। महाराष्ट्र सुरक्षा बल, एंजेल रेस्क्यू टीम और खोपोली, खंडाला, हाईवे पुलिस मौके पर रेस्क्यू और बचाव कार्य में जुटी हुई है।

ये गाड़ियां हुई क्षतिग्रस्त

1) कंटेनर (MH 46 BM 5259) 2) कार (MH 21 BQ 5281) 3) ट्रक (MH12 SX 2127) 4) टेम्पो (MH 10 AW 7611) 5) स्विफ्ट कार (MH 13 BN 7122) 6) ट्रक (MH 46 AR 3877)

मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर कंटेनर में लगी आग
मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर रविवार आधी रात एक कंटेनर में भी आग लग गई। आग में किसी की जान नहीं गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मुंबई से पुणे जा रहे एक कंटेनर में अचानक मडप गांव के पास आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और आईआरबी के जवान मौके पर पहुंचे और ट्रक में लगी आग को बुझाया गया। हालांकि, आग से ट्रक में लदा लाखों का सामान जल कर खाक हो गया।