गोरखपुर में हत्या कर दफनाई जा रही थी लाश

मिट्टी से ढंकी हुई लाश मिलने से मचा हड़कंप, सिर पर हैं गहरी चोट के निशान

गोरखपुर में हत्या कर दफनाई जा रही थी लाश

गोरखपुर के पिपराइच में गुरूवार को एक 55 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी गई। उसका शव चकिया गांव के बाहर नहर के पास खेत में मिट्टी से ढंका गया था। पुलिस ने शव को निकलावाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसकी पहचान पिपराइच के बैलो गांव के सबहिया के रहने वाले नारद मुनि साहनी के रूप में हुई है।

ग्राम प्रधान ने दी सूचना
गुरूवार की दोपहर महराजगंज व गोरखपुर की सीमा पर स्थित पिपराइच इलाके के चकिया गांव में नहर के पास कुछ बच्चे शौच के लिए गए थे। इस दौरान बच्चों ने बगल की जमीन में मिट्टी में से शव का हाथ देखा। बच्चे डर गए और घर आकर परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने गांव के प्रधान पति अजय सिंह उर्फ रिंकू को बताया। जिसके बाद प्रधान ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मिट्टी खुदवाकर शव को बाहर निकलवाया।

माथे पर हैं चोट के निशान
मृतक नारद मुनि साहनी के ललाट पर किसी वजनी ​वस्तु से प्रहार के निशान हैं। जहां से खून निकल रहा था वहीं उसके ​सिर को मफलर से बांधा गया था। शव को नोचने से उसका हाथ बाहर निकला हुआ था। जिस खेत में शव गाड़ा गया था वह महराजगंज के श्यामदेउरवा बेलराई निवासी एक व्यक्ति की है। जहां शव मिला है उस इलाके का आधा हिस्सा महराजगंज व आधा गोरखपुर में आता है। मृतक के शरीर पर अंडरवीयर व बनियान ही था। पुलिस का कहना है कि दो दिन पूर्व शव को दफनाया गया होगा।

पेंट पालिश का काम करता था मृतक
मृतक नारद मुनि पेंट पालिश का काम करता था। वह प्रतिदिन साइकिल से काम पर जाते थे। कभी- कभी जिसके घर काम करते थे वहीं रूक जाते थे। मंगलवार की सुबह वह काम पर गए थे तभी से वापस नहीं आए। चूंकि पहले भी कई बार काम करने की जगह वह रूक चुके हैं इसी लिए परिजन निश्चित थे।

बेटा हैदराबाद में करता है काम
मृतक नारद मुनि का इकलौता 20 वर्षीय बेटा हैदराबाद में रहकर फर्नीचर का काम करता है और इस समय वहीं है। वहीं उसका भतीजा सोनू साहनी है उसी ने शव की पहचान की। सोने ने बताया कि पट्टीदारों से जमीन का मुकदमा चलता है। मारपीट भी हुआ था वे लोग जान से मारने की धमकी भी दे चुके हैं। परिजनों ने पट्टीदारों पर ही आशंका जताई है।

एसओ पिपराइच मधुपनाथ मिश्रा ने बताया कि खेत में मिट्टी से ढंकी हुई अधेड़ की लाश मिली है। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका है। पहचान कर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा कि मौत कब और कैसे हुई है। परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा।

लगातार मिल रही लाशों से मचा हड़कंप
जिले में 20 दिनों से लगातार लाशें मिल रही हैं। 25 जनवरी को झंगहा के नौवाबारी पलीपा में हाथ पैर बांधकर गढ्ढे में फेंकी गई गणेश और आकाश जायसवाल का शव मिला था। इसमें दो आरोपित जेल गए। इसके बाद गीडा के कैली में संजू देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिसका आरोपित जेल में है। अभी एक सप्ताह पूर्व झंगहा के भगने बंधे पर हत्या कर युवती की लाश चद्दर में बंधी हुई बरामद हुई थी। उसकी अभी तक पहचान नहीं हुई।

जबकि पोस्टमार्टम में गला दबाकर मारने की पुष्टि हो चुकी है। पहचान कराने वाले को 5000 हजार के पुरस्कार की भी घोषणा की गई है। अभी चार दिन पहले शाहपुर, कोतवाली, चिलुआताल और खोराबार में अलग - अलग चार लाशें मिली थीं। जिसमें दो की पहचान हुई थी और दो की नहीं।