औरंगाबाद में दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर में 5 लोगों की मौत, 23 यात्री घायल; कइयों की हालत गंभीर

महाराष्ट्र के औरंगाबाद के वैजापुर में हुए एक भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है और 23 लोग घायल हुए हैं। यहां दो ट्रकों के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई है। इनमें से एक ट्रक पर कई यात्री सवार थे। घायलों में 9 की हालत गंभीर बनी हुई है, इसलिए मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा वैजापुर थाना क्षेत्र के शिवराई फाटा के पास तड़के 5 बजे के आसपास हुआ है। मृतकों की पहचान कविता अबासाहेब वडमोर (45), प्रज्ञा गौतम गायकवाड़ (17), मोनू दीपक वावले (8) और दो अन्य के रूप में हुई है। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को औरंगाबाद और नासिक रेफर कर दिया गया है।

ताजा जानकारी के मुताबिक, एक ट्रक में सवार 25 से ज्यादा यात्री एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए औरंगाबाद से नासिक के लिए निकले थे।

रविवार को लोनावाला में हुई थी भीषण दुर्घटना
इससे पहले रविवार को ओल्ड मुंबई-पुणे हाईवे पर लोनावाला के पास एक बड़ा हादसा हो गया था। यहां कार और कंटेनर के बीच टक्कर हो गई थी। हादसा इतना भीषण था कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना मुंबई से पुणे जा रही एक कार के अनियंत्रित होने के कारण हुई थी। कार के ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे डिवाइडर को पार कर दूसरी लेन पर चली गई और सामने से आ रहे कंटेनर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त कार में सवार लोगों को बाहर निकाला गया।